शनिवार, 23 अप्रैल 2011

मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय का आरोप प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्च पर विफल

भोपाल।किसानों के खेत और गरीबों के पेट खाली, गाय, आदिवासी दलित को भूली सरकार, भगवा रंग में डूबी संघ परिवार की बैशाखियों पर भाजपा सरकार। कुल मिलाकर हर मोर्चे पर प्रदेश की भाजपा सरकार विफल। यह आरोप मप्र विधानसभा में नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने शनिवार 23 अप्रैल 2011 को कांग्रेस मुख्यालय भोपाल में अपनी पहली पत्रकारवार्ता में लगाये।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्च पर नकारा और असफल साबित हुई है। आम आदमी परेशान है, किसान आत्महत्या करने को विवश है और गरीब का पेट खाली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आओ बनायें मध्यप्रदेश, 70 संकल्प और वनवासी यात्रा सिर्फ नाटक है। इससे राज्य की जनता का कुछ भी भला नहीं हो रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा सरकार के अनेक मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के मामले भी लोकायुक्त में चल रहे हैं। केन्द्रीय योजनाओं में करोड़ों का घोटाला लगातार हो रहा है। कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रमक लड़ाई लड़ेगी। हर वह चेहरा और व्यवस्था उजागर होगी जो भ्रष्टाचार में लिप्त है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भगवा राज्य कायम हो गया है। सरकारी योजनाओं के कामकाज संघ परिवार के समर्थकों को मिल रहे हैं। सरकार की मिली भगत से सरकारी जमीनों की बंदरबांट और लूटमार मची है। संघ परिवार का सरकार के कामकाज पर तेजी के साथ हस्ताक्षेप बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सांप्रदायिक ताकतों का जाल फैल गया है। हर दूसरे-तीसरे महीने सांप्रदायिक दंगे हो रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू कहा जाने वाला राज्य है। लेकिन अब अपराधियों का गढ़ बन गया है। कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। अपहरण उद्योग तेजी से पनपा है। महिलाओं और बालिकाओं से बलात्कार की घटनाएं तो आम बात हो गई हैं। प्रदेश में दलित महिलाओं को अपमानित करना और उनके साथ बलात्कार की घटनाओं में इजाफा, भू माफिया, रेत माफिया, दवा माफिया, बिजली माफिया, शिक्षा माफिया, मानव शरीर बेचने वाला माफिया ने राज्य सरकार पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इन लोगों की राज्य में तूती बोल रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

EXCILENT BLOG